देश में प्रतियोगी परीक्षाएं केवल रोजगार या उच्च शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों, संघर्ष और विश्वास की सबसे बड़ी कसौटी भी हैं। एक छात्र वर्षों तक दिन-रात मेहनत करता है, परिवार अपनी सामर्थ्य से कहीं अधिक खर्च उठाता है और पूरा भविष्य एक परीक्षा के परिणाम पर टिक जाता है। ऐसे में यदि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र बाजार में बिकने लगें, तो केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि पूरे तंत्र की विश्वसनीयता कटघरे में खड़ी हो जाती है।
नीट पेपर लीक ने एक बार फिर यही सवाल देश के सामने खड़ा कर दिया है कि आखिर मेहनत और ईमानदारी का मूल्य कितना रह गया है? क्या आज प्रतिभा से अधिक महत्व उन गिरोहों का हो गया है, जो लाखों-करोड़ों रुपये लेकर प्रश्नपत्रों की खरीद-फरोख्त करते हैं? यदि ऐसा है, तो यह केवल शिक्षा व्यवस्था का संकट नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर चेतावनी है। सबसे अधिक चिंता इस बात की है कि प्रश्नपत्र लीक होना अब अपवाद नहीं, बल्कि एक खतरनाक प्रवृत्ति का रूप लेता दिखाई दे रहा है। कभी भर्ती परीक्षाएं रद्द होती हैं, कभी शिक्षक भर्ती, कभी पुलिस भर्ती और अब देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा भी इस दाग से अछूती नहीं रही। हर बार जांच बैठती है, गिरफ्तारियां होती हैं, कुछ चेहरे सामने आते हैं, लेकिन कुछ महीनों बाद कोई नया पेपर लीक फिर सुर्खियां बन जाता है। इससे यह संदेश जाता है कि अपराधियों का नेटवर्क प्रशासनिक कार्रवाई से कहीं अधिक मजबूत और संगठित है। यह केवल कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के साथ अन्याय है जिन्होंने ईमानदारी से परीक्षा दी। एक पेपर लीक होने का अर्थ केवल परीक्षा रद्द होना नहीं होता। इसका मतलब है कि किसी गरीब किसान का बेटा, किसी मजदूर की बेटी और किसी मध्यमवर्गीय परिवार का संघर्ष फिर से शून्य पर पहुंच जाता है। मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और भविष्य की अनिश्चितता का भार केवल अभ्यर्थी और उसका परिवार ही समझ सकता है।
दुर्भाग्य यह भी है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक दल समाधान से अधिक अवसर तलाशने लगते हैं। सत्ता पक्ष अपनी जवाबदेही से बचने के लिए जांच एजेंसियों और कार्रवाई का हवाला देता है, जबकि विपक्ष इसे सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण बताकर राजनीतिक हमला तेज कर देता है। संसद से लेकर सड़कों तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता है, लेकिन जिन युवाओं का भविष्य दांव पर लगा होता है, उनकी आवाज राजनीतिक शोर में कहीं दब जाती है। लोकतंत्र में सरकार से जवाब मांगना विपक्ष का अधिकार है और सरकार का उत्तरदायित्व भी, लेकिन जब शिक्षा और युवाओं के भविष्य जैसे विषय भी राजनीतिक ध्रुवीकरण का माध्यम बन जाएं, तब समस्या का समाधान पीछे छूट जाता है। पेपर लीक किसी एक दल या एक सरकार की नहीं, बल्कि पूरे तंत्र की चुनौती है। इसलिए इसकी लड़ाई भी राजनीतिक नहीं, संस्थागत और राष्ट्रीय होनी चाहिए।
अब समय आ गया है कि पेपर लीक को सामान्य आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रतिभा के विरुद्ध संगठित अपराध माना जाए। ऐसे मामलों में त्वरित जांच, समयबद्ध न्याय, दोषियों की संपत्ति जब्त करने, परीक्षा माफियाओं के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने और उन्हें कठोरतम दंड देने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, डिजिटल निगरानी, ए्क्रिरप्टेड वितरण प्रणाली और परीक्षा प्रक्रिया की स्वतंत्र ऑडिट व्यवस्था को भी अनिवार्य बनाया जाना चाहिए। देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके युवा हैं। यदि उनका विश्वास ही परीक्षा प्रणाली से उठ गया, तो नुकसान केवल कुछ परीक्षाओं का नहीं होगा, बल्कि उस सामाजिक विश्वास का होगा जिस पर प्रतिभा आधारित भारत की कल्पना टिकी है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन युवाओं का भविष्य उससे कहीं बड़ा प्रश्न है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा केवल परीक्षा बचाने का विषय नहीं, बल्कि उस भरोसे को बचाने का दायित्व है जिसके सहारे करोड़ों युवा अपने सपनों की इमारत खड़ी करते हैं। यदि यह भरोसा टूट गया, तो हार किसी छात्र की नहीं, पूरे राष्ट्र की होगी।




